Hisar News: एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता श्री नंद किशोर गोयनका जी का बुधवार को पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर दिया गया. उनके बड़े बेटे डॉ. सुभाष चंद्रा ने उन्हें मुखाग्नि दी. उनके निधन पर देश की कई बड़ी हस्तियों ने दुख जताया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े राजनेताओं ने नंद किशोर गोयनका जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. इसी सिलसिले में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी डॉ. सुभाष चंद्रा को एक शोक पत्र भेजकर अपनी हार्दिक संवेदनाएं प्रकट कीं.
केंद्रीय मंत्री ने शोक पत्र में दी भावभीनी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री ने पत्र में लिखा कि प्रख्यात समाजसेवी नंद किशोर गोयनका जी का निधन अत्यंत दुखद है. इस मुश्किल समय में वे शोकाकुल परिवार के साथ हैं. उन्होंने लिखा कि स्वर्गीय गोयनका जी का सादगीपूर्ण जीवन और उच्च आदर्श आने वाली पीढ़ियों का हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे.
अर्जुन राम मेघवाल ने आगे लिखा कि गोयनका जी एक समर्पित विचारक और आरएसएस के आजीवन स्वयंसेवक थे. उन्होंने गौ-सेवा और सामाजिक कार्यों को हमेशा प्राथमिकता दी. मंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को संबल दें.
सोमवार दोपहर को हुआ था दुखद निधन
मालूम हो कि सोमवार की दोपहर को श्री नंद किशोर गोयनका जी का निधन हो गया था. इस खबर से उनके शुभचिंतकों, व्यावसायिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई थी. लोग उन्हें जीवन मूल्यों को सर्वोपरि रखने वाले एक मजबूत स्तंभ के रूप में याद कर रहे हैं.

