Delhi News: भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को आधुनिक और तेज बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन आम जनता के लिए आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है।
इस नई वेबसाइट से यात्रियों को टिकट बुकिंग का एक बिल्कुल नया और बेहद तेज अनुभव मिलेगा। रेल मंत्रालय के अनुसार, इस वेबसाइट में किए गए कई महत्वपूर्ण सुधार एमएनआईटी (MNIT) जयपुर के छात्रों के सुझावों पर आधारित हैं। इन छात्रों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा की थी।
इसके बाद छात्रों को वेबसाइट के डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने की प्रक्रिया में शामिल किया गया। आईआरसीटीसी की मौजूदा वेबसाइट 2002 में शुरू हुई थी। इस पर प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख टिकट बुक होते हैं। अब इस लोकप्रिय प्लेटफॉर्म को और भी बेहतर किया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए नई वेबसाइट में किए गए चार बड़े बदलाव
वेबसाइट को अधिक आसान और यूजर-फ्रेंडली बनाने के लिए चार बड़े बदलाव किए गए हैं। सबसे पहले, इंटरफेस को बेहतर बनाने के लिए गैर-जरूरी कैप्चा, पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स जैसे ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स को हटा दिया गया है। इससे यात्रियों का समय बचेगा।
दूसरा बड़ा बदलाव यह है कि अब यात्रियों को एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीटों की उपलब्धता दिखाई देगी। उन्हें अलग-अलग क्लास के लिए बार-बार क्लिक नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा, बुकिंग के स्टेप्स कम करके चेकआउट प्रक्रिया को सुपरफास्ट बना दिया गया है।
यात्रियों के फीडबैक के आधार पर तैयार होगा फाइनल एडिशन
चौथे बदलाव के तहत दोबारा बुकिंग को आसान बनाया गया है। अब यात्रियों की सेव की गई जानकारी पहले से मौजूद रहेगी, जिससे हर बार विवरण भरने की जरूरत नहीं होगी। रेल मंत्रालय बीटा वर्जन के जरिए यात्रियों से सुझाव और फीडबैक प्राप्त करना चाहता है।
इसके आधार पर ही फाइनल एडिशन को और अधिक सटीक बनाया जाएगा। साथ ही, रेलवे अपने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (PRE) का भी आधुनिकीकरण कर रहा है। यात्री इस नई सुविधा का लाभ आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए लिंक के माध्यम से उठा सकते हैं।

