Chandigarh News: हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने कहा कि 17 जुलाई का दिन देश और प्रदेश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। इस ऐतिहासिक दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा की पावन धरा से भारत की पहली आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
हरित प्रौद्योगिकी और आधुनिक परिवहन की नई शुरुआत
तरुण भंडारी ने बताया कि यह केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए हरित प्रौद्योगिकी और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि होगी। प्रधानमंत्री का हरियाणा से विशेष लगाव रहा है, इसलिए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे बड़े राष्ट्रीय अभियानों की शुरुआत भी यहीं से हुई थी।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में परिवहन ढांचा पूरी तरह बदहाल था। भाजपा सरकार के कार्यकाल में रेल और सड़क नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। आज बेहतर कनेक्टिविटी के कारण नारनौल से चंडीगढ़ की दूरी सिमटकर महज साढ़े तीन घंटे के आसपास रह गई है।
कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी पर साधा निशाना
कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए भंडारी ने कहा कि विपक्षी दल लंबे समय से आपसी खींचतान से जूझ रहा है। उन्होंने पूर्व प्रभारी कमलनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता भी मान चुके हैं कि हरियाणा में पार्टी की गुटबाजी को समाप्त करना बेहद कठिन काम है।
20 घंटे काम करने वाले मुख्यमंत्री हैं नायब सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन लगभग 20-20 घंटे जनता की सेवा में सक्रिय रहते हैं। मुख्यमंत्री आवास के दरवाजे आम जनता के लिए हर समय खुले रहते हैं, जिससे प्रदेश के नागरिकों का सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

