Chandigarh News: हरियाणा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए नायब सरकार ने एक बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। प्रधानमंत्री के ‘वेड इन इंडिया’ विजन के तहत पिंजौर में एक हाई-टेक वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित किया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।
यादविन्द्रा गार्डन और टिक्करताल का होगा अंतरराष्ट्रीय विकास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समीक्षा बैठक में पिंजौर के ऐतिहासिक यादविन्द्रा गार्डन और मोरनी हिल्स के टिक्करताल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने के निर्देश दिए। सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस परियोजना के तहत यादविन्द्रा गार्डन के पास एक भव्य कन्वेंशन और एग्जीबिशन सेंटर बनाया जाएगा। इसे “वन स्टॉप डेस्टिनेशन फॉर वेडिंग” के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर एक आलीशान होटल बनेगा, जिसकी छत पर मेहमानों के लिए हेलिपैड की सुविधा होगी।
ऐतिहासिक विरासत को संजोते हुए बदलेंगे पर्यटन के तौर-तरीके
पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान यादविन्द्रा गार्डन की मूल ऐतिहासिक विरासत से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। गार्डन के पारंपरिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए यहां आधुनिक संगीतमय फव्वारे, एक बटरफ्लाई पार्क और एक बड़ा एक्वेरियम विकसित किया जाएगा, जो सैलानियों को आकर्षित करेगा।
दूसरी तरफ, मोरनी हिल्स के टिक्करताल को एडवेंचर लवर्स के लिए विशेष तौर पर तैयार किया जा रहा है। टिक्करताल में स्थित एडवेंचर पार्क, बोटिंग एरिया और हंटेड-हाउस का पूरी तरह कायाकल्प किया जाएगा। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

