Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में मानेसर के पास एक बड़े वेयरहाउस में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। यह वेयरहाउस मेडिकल और खेल उपकरण बनाने वाली मशहूर कंपनी ‘लाइफलॉन्ग’ का है। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही सबसे पहले मानेसर दमकल केंद्र से दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अन्य केंद्रों को सूचित किया गया। इसके बाद जिलेभर के विभिन्न केंद्रों से करीब 24 दमकल गाड़ियों को राहत कार्य के लिए बुलाया गया।
रातभर में 150 बार पानी भरकर बुझाई गई आग
दमकल कर्मियों ने रातभर में करीब 150 बार गाड़ियों में पानी रीफिल किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। दमकल अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह हादसा कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे के नजदीक स्थित झुंड सराय गांव में हुआ।
विभाग को रात करीब साढ़े 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। वेयरहाउस में खेल उपकरण और मेडिकल का सामान होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली। इस भीषण आग की चपेट में पास स्थित दो अन्य कंपनियां भी आ गईं, जिससे हड़कंप मच गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान खाक
अधिकारियों के मुताबिक, चार एकड़ में फैले इस वेयरहाउस की दूसरी मंजिल पर आग लगनी शुरू हुई थी। यहां भारी मात्रा में प्लास्टिक, रबड़, इंजेक्शन और केमिकल रखे हुए थे। दमकल कर्मियों ने करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग को दूसरी मंजिल पर ही रोक दिया।
इस हादसे में वेयरहाउस के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

