Faridabad News: फरीदाबाद के छांयसा गांव में स्थित श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था में लापरवाही बरतने और बिजली चोरी के मामले में चार नर्सों को सस्पेंड कर दिया गया है।
हॉस्टल खाली न करने और ड्यूटी में लापरवाही पर गिरी गाज
मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. देवेंद्र अटल ने बताया कि संस्थान में हर साल 100 विद्यार्थियों का दाखिला होता है। पहले छात्रों की संख्या कम होने के कारण हॉस्टल के कुछ कमरे खाली थे, जिन्हें अस्पताल के 32 नर्सिंग स्टाफ को रहने के लिए दे दिया गया था।
इस सत्र में 100 विद्यार्थियों के दाखिले पूरे होने के बाद नर्सिंग स्टाफ को हॉस्टल खाली करने का नोटिस दिया गया था। इनमें से 15 नर्सों ने कमरे खाली कर दिए, लेकिन बाकी ने ऐसा नहीं किया। हॉस्टल खाली न करने वाली नर्सों की ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में लगाई गई थी।
बिजली चोरी पकड़े जाने पर भी अस्पताल प्रबंधन सख्त
निदेशक के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद तीन नर्सें इमरजेंसी वार्ड में अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं निभा रही थीं। उन्हें कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन सुधार न होने पर तीनों को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा एक अन्य नर्स पूनम हॉस्टल में अवैध रूप से बिजली चोरी कर रह रही थी।
प्रबंधन द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान नर्स पूनम द्वारा की जा रही बिजली चोरी की पुष्टि हुई। इस गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने उसे भी तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इस सख्त कार्रवाई से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

