ढिंचैक पूजा ने शादी करते ही रिलीज किया नया क्रिंज गाना, सुनकर फैंस ने पीटा सिर, बोले- ‘हम तो मजाक कर रहे थे!’

Entertainment News: अपने अतरंगे गानों के चलते रातों-रात सोशल मीडिया पर सनसनी बनने वाली ढिंचैक पूजा एक बार फिर जबरदस्त चर्चा में आ गई हैं। हाल ही में शादी के बंधन में बंधी ढिंचैक पूजा ने आखिरकार अपने फैंस की सबसे बड़ी डिमांड पूरी कर दी है।

ढिंचैक पूजा ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी का एक नया वीडियो शेयर किया है, जिसके साथ उन्होंने अपना नया गाना भी रिलीज कर दिया है। वैसे तो पूजा की शादी की तस्वीरों को कई लोग प्रैंक मान रहे थे, लेकिन खुद सिंगर ने साफ किया था कि उन्होंने सच में शादी कर ली है।

शादी की खबर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया यूजर्स लगातार कमेंट करके उनसे एक नए शादी स्पेशल क्रिंज गाने की डिमांड कर रहे थे। अब लगता है कि ढिंचैक पूजा ने इंटरनेट यूजर्स की इन बातों को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया है।

‘शादी मैंने कर ली आज’ गाना हुआ रिलीज

ढिंचैक पूजा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा है- ‘शादी मैंने कर ली आज’। वीडियो में पूजा शादी के लाल जोड़े में फूलों की चादर के नीचे चलते हुए बेहद खुश नजर आ रही हैं और आखिर में अपने दूल्हे का हाथ थामती हैं।

इस नए गाने के बोल कुछ इस तरह हैं- “शादी मैंने कर ली आज, मांग मैंने भर ली आज। मम्मी-पापा हैप्पी हैप्पी, घर में सेलिब्रेशन आज। दूल्हा मेरा हीरो लगे और साथ में जीरो टेंशन लगे, आज तो बस खुशी ही खुशी।” इस गाने ने आते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है।

गाना सुनकर फैंस ने पीट लिया अपना सिर

ढिंचैक पूजा का यह नया अनोखा गाना सुनने के बाद हमेशा की तरह लोगों ने अपना सिर पीट लिया है। सोशल मीडिया पर लोग मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि हमने तो सिर्फ मजाक में गाना बनाने को कहा था, आपने तो सच में गाना बनाकर रिलीज कर दिया।

वहीं एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया कि मैं इस गाने को सुनने के लिए मानसिक रूप से बिल्कुल तैयार नहीं था। हालांकि, कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं जो लिख रहे हैं कि यह गाना उनके पुराने गानों के मुकाबले काफी बेहतर है और इसे पूरा रिलीज कर देना चाहिए।

क्रिंज गानों ने दिलाया टीवी इंडस्ट्री में बड़ा काम

ढिंचैक पूजा ने साल 2015 में यूट्यूब पर ‘स्वैग वाली टोपी’ गाने से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद ‘दारू’ और ‘सेल्फी मैंने ले ली आज’ जैसे गानों ने उन्हें देश भर में मशहूर कर दिया। इन गानों से मिली लोकप्रियता की बदौलत उन्हें टीवी इंडस्ट्री में काफी काम मिला है।

वह सलमान खान के विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का भी हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा हाल ही में उन्हें मशहूर टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ’ में भी देखा गया था। ढिंचैक पूजा के इस नए शादी वाले वीडियो को अब तक 2.8 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

Author: Manisha Thakur

Hot this week

Related Articles

Popular Categories