Politics: पश्चिम Bengal में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पहली बीजेपी सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार सोमवार यानी 1 जून को होने जा रहा है। रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती पर सरकार गठन के बाद से ही इस विस्तार का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था।
शुरुआती दौर में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ सीमित मंत्रियों ने ही शपथ ली थी, जिसके बाद से विपक्ष और आम जनता के बीच कैबिनेट विस्तार को लेकर लगातार चर्चाएं गर्म थीं। सोमवार को राजभवन में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में करीब 10-12 नए बीजेपी विधायकों के मंत्री पद की शपथ लेने की पूरी संभावना है।
इस नए और विस्तारित मंत्रिमंडल में अनुभवी वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ कई युवा चेहरों को भी शामिल किया जा रहा है। संभावित मंत्रियों की सूची में दीपक बर्मन, शीतल कपाट, ध्रुव साहा, पपिया अधिकारी, बक्किम घोष, स्वपन दासगुप्ता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, शंकर घोष, इंद्रनील खान, शरद मुखोपाध्याय, कंचन मल्लिक और रूपांजलि घोष के नाम सबसे आगे चल रहे हैं।
किसे मिल सकती है कौन सी जिम्मेदारी? स्वपन दासगुप्ता और शंकर घोष के नामों की भारी चर्चा
राजनीतिक गलियारों में विभागों के बंटवारे को लेकर भी कयासबाजी का दौर शुरू हो चुका है। रासबिहारी सीट से प्रतिष्ठित विधायक स्वपन दासगुप्ता को राज्य के उच्च शिक्षा विभाग की अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इस बड़े विभाग में उनकी मदद के लिए सिलीगुड़ी के तेजतर्रार विधायक शंकर घोष को साथ जोड़ा जा सकता है।
इसके अलावा शिक्षा विभाग को दो हिस्सों यानी उच्च शिक्षा और स्कूली शिक्षा में बांटकर अलग-अलग मंत्रियों को देने की योजना पर भी शीर्ष स्तर पर विचार चल रहा है। बीजेपी के सबसे भरोसेमंद चेहरों में से एक, फलाकाटा के विधायक दीपक बर्मन को भी कैबिनेट में कोई बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण मंत्रालय मिलना लगभग तय माना जा रहा है।
वामपंथी शासनकाल का लंबा प्रशासनिक अनुभव रखने वाले चकदाहा के विधायक बक्किम घोष को जन स्वास्थ्य इंजीनियरिंग (PHE) विभाग की कमान सौंपी जा सकती है। बक्किम घोष साल 2018 में माकपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे, और उनके इस पुराने सांगठनिक अनुभव का फायदा सरकार को मिलने की उम्मीद है।
शीतल कपाट संभाल सकते हैं कृषि मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग पर रहेगा शुभेंदु का सीधा कंट्रोल
घाटाल से बीजेपी विधायक शीतल कपाट को राज्य का नया कृषि मंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी खुद चाहते हैं कि शीतल कपाट कृषि विभाग संभालें ताकि राज्य में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी किसान कल्याण योजनाओं को जमीनी स्तर पर तेजी से लागू किया जा सके।
बीरभूम के जिला अध्यक्ष ध्रुव साहा और सांगठनिक रूप से बेहद मजबूत कूचबिहार के जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलना तय है। जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को राज्य के परिवहन विभाग का जिम्मा सौंपा जा सकता है। वहीं, राज्य का बेहद महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विभाग सीधे तौर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपने पास ही रखेंगे।
स्वास्थ्य और आयुष मंत्रालय में राज्य मंत्री के तौर पर सहयोग के लिए डॉ. इंद्रनील खान और शरद मुखोपाध्याय के नामों पर मुहर लग सकती है। मानिकतला के कद्दावर विधायक तापस रॉय भी रेस में हैं। हालांकि उनकी दिलचस्पी कोलकाता का मेयर बनने में अधिक है, लेकिन फिलहाल उन्हें भी टीम शुभेंदु में शामिल किया जा सकता है।
Author: Harikarishan Sharma

