Mumbai News: आर्थिक राजधानी मुंबई में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) एक बार फिर महंगी हो गई है। सीएनजी के दामों में तगड़ा इजाफा हुआ है, जिससे मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले आम नागरिकों और वाहन चालकों को शनिवार (30 मई) से ज्यादा कीमत चुकानी होगी।
महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने आम जनता को झटका देते हुए सीएनजी की खुदरा बिक्री कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही घरों में इस्तेमाल होने वाली घरेलू पाइप वाली नेचुरल गैस (PNG) की कीमत में भी 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की वृद्धि कर दी गई है।
गैस की ये नई बढ़ी हुई दरें 29-30 मई की आधी रात से पूरे मुंबई क्षेत्र में लागू हो चुकी हैं। मुंबई के साथ-साथ ठाणे, नवी मुंबई और आस-पास के इलाकों में सीएनजी की नई कीमत अब 84 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
घरेलू गैस भी हुई महंगी, लागत बढ़ना है मुख्य वजह
इस ताजा बदलाव के बाद अब इन सभी इलाकों में घरेलू पीएनजी की नई कीमत 52 रुपये प्रति एससीएम हो जाएगी। महानगर गैस लिमिटेड ने कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी ने बताया कि गैस खरीदने की लागत में अचानक आई भारी तेजी की वजह से उन्हें यह कड़ा कदम उठाना पड़ा है।
इस फैसले का सीधा असर मुंबई के करीब 12 लाख सीएनजी वाहनों पर पड़ने वाला है, जिनमें लगभग 2.80 लाख ऑटो रिक्शा शामिल हैं। इसके अलावा करीब 31 लाख वैसे परिवार भी प्रभावित होंगे, जिनके घरों में पीएनजी का कनेक्शन लगा हुआ है। इस बढ़ोतरी से दैनिक यात्रियों का एक बहुत बड़ा वर्ग सीधे तौर पर प्रभावित होगा।
ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने की किराया बढ़ाने की मांग
मुंबई में सीएनजी महंगी होने की वजह से ऑटो और टैक्सी चालकों की मुश्किलें अचानक काफी बढ़ गई हैं। इसी दबाव में आकर ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने सरकार से किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। मुंबई रिक्शा मेन्स यूनियन के बड़े नेता थम्पी कुरियन ने साफ तौर पर कहा कि अब किराया बढ़ाना बेहद जरूरी हो गया है।
यूनियन का कहना है कि मौजूदा सरकारी फॉर्मूले के हिसाब से बेस किराए में कम से कम 1 रुपये 12 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी तुरंत होनी चाहिए। किराया वृद्धि का यह नया प्रस्ताव परिवहन विभाग द्वारा मुंबई रिक्शा चालक संघ (MMRTA) को भेजा जाएगा, जो मुंबई में ऑटो-टैक्सी के किराए पर अंतिम निर्णय लेता है।
मई महीने में दूसरी बार बढ़े गैस के दाम
मई के इस महीने में यह दूसरी बार है जब मुंबई में सीएनजी की कीमत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले बीते 13 मई को भी सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई थी। वहीं अप्रैल के महीने में भी सीएनजी के दाम 1 रुपये बढ़ाए गए थे, जिससे जनता परेशान है।
कंपनी का कहना है कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में चल रही भू-राजनीतिक बाधाओं, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी के कारण गैस खरीद लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हालांकि, इस बढ़ोतरी के बाद भी सीएनजी पेट्रोल के मुकाबले करीब 45 फीसदी सस्ती पड़ रही है।
Author: Sachin Kulkarni

