Entertainment News: मशहूर अभिनेता विवेक दाहिया जल्द ही एक बिल्कुल नए और अनोखे अवतार में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। वे अपनी आगामी वेब सीरीज ‘सुपरहीरो इस्त्रीवाला’ को लेकर इन दिनों काफी चर्चा में हैं। सीरीज का नाम सामने आते ही फैंस के बीच भारी उत्सुकता देखी जा रही है।
संघर्षों के बीच जय को मिलेगा भगवान हनुमान का आशीर्वाद
विवेक दाहिया ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सीरीज में उनका किरदार जय एक साधारण कपड़े प्रेस करने वाला इंसान है। वह छोटी सी दुकान चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता है। उसकी जिंदगी रोजमर्रा की आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण काफी संघर्षों से भरी रहती है।
जय भगवान हनुमान का बहुत बड़ा भक्त है। कठिन परिस्थितियों में भी उसका अपनी अच्छाई, इंसानियत और ईश्वर पर अटूट भरोसा बना रहता है। कहानी में एक बड़ा चमत्कारी मोड़ आता है, जब भगवान हनुमान उसे खास दिव्य शक्तियों का आशीर्वाद देते हैं। इससे उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है।
शक्तियां मिलने के बाद जय की जिंदगी में तीन रहस्यमयी मार्गदर्शकों ज्ञान, गुण और सागर की एंट्री होती है। ये तीनों मार्गदर्शक जय को उसकी नई और अनोखी ताकतों को समझने में मदद करते हैं। वे उसे समाज की भलाई के लिए इन शक्तियों का सही दिशा में इस्तेमाल करना सिखाते हैं।
सुपरपावर वाला अनोखा रोल निभाने के लिए तुरंत भरी हामी
विवेक दाहिया ने कहा कि करियर में पहली बार ऐसा सुपरपावर वाला किरदार निभाने का मौका मिलने से वे बेहद खुश हैं। इस प्रोजेक्ट की अनूठी कहानी ने उन्हें सबसे ज्यादा अट्रैक्ट किया। जब मेकर्स ने उन्हें शो का नाम और किरदार का लुक बताया, तो उन्होंने तुरंत हामी भर दी थी।
एक्टर के मुताबिक यह रोल चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ उनके लिए एक बेहद मजेदार और नया अनुभव लेकर आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मनोरंजन से भरपूर यह सीरीज दर्शकों को बहुत पसंद आएगी। यह शो सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें परिवार और इमोशन भी दिखेंगे।
Author: Manisha Thakur

