Solapur Mass Suicide: शेयर बाजार में डूबे 1.80 करोड़ तो प्रिंसिपल ने पूरे परिवार को दिया जहर, फिर खुद फंदे पर लटका

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक बेहद झझकोर देने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ बार्शी तालुका के हत्तीज गांव में एक स्कूल प्रिंसिपल ने शेयर बाजार में हुए भारी वित्तीय नुकसान के चलते अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली।

इस दिल दहला देने वाले सामूहिक आत्महत्या के मामले से पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है। पुलिस विभाग से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक कदम उठाने वाले शख्स की पहचान स्थानीय स्कूल के प्रिंसिपल योगेश पाटिल के रूप में की गई है।

दूध वाले के आने पर खुला खौफनाक राज

स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह दर्दनाक घटना गुरुवार की रात को अंजाम दी गई थी। अगली सुबह यानी शुक्रवार को जब रोज की तरह दूध वाला पाटिल के घर पहुंचा, तो उसने काफी देर तक मुख्य दरवाजा खटखटाया और आवाजें लगाईं, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई।

काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर आस-पास के पड़ोसियों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने मिलकर घर का दरवाजा खोला, तो अंदर का भयावह दृश्य देखकर हर कोई दंग रह गया। घर के भीतर चारों तरफ परिजनों के शव पड़े हुए थे।

शेयर बाजार में डूब गए थे 1.80 करोड़ रुपये

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें सामने आया कि प्रिंसिपल योगेश पाटिल ने पहले अपनी पत्नी माधुरी (37), बेटे अथर्व (11) और छोटे बेटे शिवांश (9) को जहरीला पदार्थ दिया। इसके बाद उन्होंने खुद फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।

पुलिस की गहन जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि योगेश पाटिल लंबे समय से शेयर बाजार में भारी निवेश कर रहे थे। अनुमान के मुताबिक, हाल के दिनों में उन्हें ट्रेडिंग में लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये का भारी आर्थिक घाटा हुआ था।

रिश्तेदारों और दोस्तों से लिया था भारी कर्ज

आर्थिक तंगी के दलदल में फंसे योगेश ने बाजार के नुकसान की भरपाई के लिए अपनी मां से मिले करीब एक करोड़ रुपये भी निवेश में पूरी तरह गंवा दिए थे। इसके बावजूद घाटा पूरा न होने पर उन्होंने अपने कई करीबियों, रिश्तेदारों और दोस्तों से मोटी रकम उधार ली थी।

लगातार बढ़ते कर्ज के दबाव और उधारी चुकाने की असमर्थता के कारण योगेश पाटिल पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। इसी भारी अवसाद और लोक-लाज के डर से उन्होंने पूरे हंसते-खेलते परिवार को खत्म करने का आत्मघाती फैसला ले लिया।

मौके से मिला 22 पन्नों का विस्तृत सुसाइड नोट

तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से मृतक योगेश पाटिल द्वारा लिखा गया 22 पन्नों का एक विस्तृत सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस सुसाइड नोट में मृतक ने अपने सभी लेन-देन, वित्तीय घाटे और कर्ज से जुड़ी बारीक जानकारियों का विस्तार से उल्लेख किया है।

राहत की बात यह है कि नोट में उन्होंने अपनी इस मौत के लिए किसी भी बाहरी व्यक्ति या लेनदार को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। बार्शी थाना पुलिस ने सभी चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Author: Sachin Kulkarni

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories