Uttar Pradesh News: प्रयागराज के सैदाबाद में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहित महिला 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला अपने पति की दूसरी शादी और ससुराल वालों के उत्पीड़न से बेहद परेशान थी। उसने नीचे कूदकर अपनी जान देने की धमकी भी दी।
यह पूरा मामला निमहरा मंदिर परिसर का है। सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने महिला को टंकी के ऊपर खड़े देखा। इसके बाद वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
हंडिया और उतरांव पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही हंडिया थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से महिला से बातचीत शुरू की। इंस्पेक्टर अनूप सरोज ने उसे न्याय का पूरा भरोसा दिलाते हुए नीचे आने का अनुरोध किया।
गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बेहद सूझबूझ से काम लिया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दोपहर सवा एक बजे महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
दहेज उत्पीड़न और दूसरी शादी का आरोप
पीड़ित महिला की पहचान ऋतु भारतीय के रूप में हुई है। ऋतु की शादी वर्ष 2023 में मर्दापुर निवासी रोहित के साथ हुई थी। ऋतु का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
ऋतु ने बताया कि उसने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच उसे पता चला कि उसके पति ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली है। इसी वजह से उसका पति अब उसे साथ नहीं रख रहा था।
पुलिस हिरासत में पति और कानूनी कार्रवाई
हंडिया पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद महिला को उतरांव थाने भेज दिया है। उतरांव थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पति रोहित को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस टीम इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी पति रोहित ने दूसरी शादी के आरोपों से साफ इनकार किया है। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से रोहित का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया है। महिला के आरोपों की सत्यता जांचने के लिए छानबीन जारी है।
Author: Ajay Mishra


