Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। करछना थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक क्षत-विक्षत शव मिला है। वहीं धूमनगंज इलाके में ओवरब्रिज के नीचे एक अन्य युवक की लाश बरामद हुई है।
पहली घटना करछना थाना क्षेत्र के बरम की मोरी इलाके की है। यहां एक पेट्रोलियम पंप के ठीक सामने रेलवे लाइन के किनारे स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात युवक की लाश देखी। इस सनसनीखेज मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत जांच के लिए मौके पर पहुंच गई।
सिर और नाजुक अंगों पर चोट के मिले निशान
घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एसीपी करछना सुनील सिंह भी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। पुलिस ने जब शव को पलटकर देखा, तो मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर किसी भारी वस्तु से प्रहार के निशान मिले।
इसके अतिरिक्त मृतक के नाजुक अंगों पर भी गंभीर चोटें थीं। मृतक के शरीर पर सिर्फ एक कमीज थी। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि जहां लाश मिली, वहां खून की एक भी बूंद नहीं थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई थी।
शिनाख्त के लिए पुलिस ने थानों में भेजी तस्वीरें
एसीपी सुनील सिंह के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास लग रही है। पुलिस टीम शव की पहचान कराने की हर संभव कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।
दूसरी घटना धूमनगंज थाना क्षेत्र के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे की है। शुक्रवार सुबह यहां एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए युवक की तस्वीर शिनाख्त के लिए आसपास के सभी थानों में भेज दी है।
Author: Ajay Mishra


