पालमपुर में भयंकर सड़क हादसा, अपना जन्मदिन मनाकर लौट रही नौवीं की छात्रा को बस ने कुचला, मौके पर मौत

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां शिमला से धर्मशाला जा रही एक तेज रफ्तार बस के नीचे कुचलने से 15 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान अनामिका के रूप में हुई है।

दिल दहला देने वाली यह दुर्घटना पालमपुर के मेंझा पुल के पास शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार, नवमीं कक्षा में पढ़ने वाली अनामिका अपनी बड़ी बहन के साथ पालमपुर बाजार से खरीददारी करके बस द्वारा वापस अपने घर लौट रही थी।

लापरवाह ड्राइवर ने नहीं दिया उतरने का मौका

जैसे ही बस मेंझा पुल पर रुकी, अनामिका नीचे उतरने के लिए आगे वाले गेट के पास आकर खड़ी हो गई। तभी अचानक चालक ने बड़ी लापरवाही दिखाते हुए गाड़ी को तेज गति से आगे बढ़ा दिया। रफ्तार के झटके के कारण बस का ऑटोमैटिक दरवाजा अचानक खुल गया।

दरवाजा खुलते ही अनामिका अपना संतुलन खो बैठी और सीधे चलती बस से नीचे सड़क पर गिर गई। दुर्भाग्य से वह सीधे भारी वाहन के अगले टायर की चपेट में आ गई। टायर के नीचे कुचलने के कारण मासूम बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

तीन दिन पहले ही मनाया था अपना जन्मदिन

मृतका अनामिका मूल रूप से चंबा के होली क्षेत्र की रहने वाली थी। वह पालमपुर के लटवाला गांव में सिर्फ तीन दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाने आई थी। इस भयंकर हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पीड़ित बड़ी बहन ने रोते हुए बस चालक और परिचालक पर घोर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories