Ghaziabad News: देशभर में 21 जून को होने वाली नीट री-एग्जाम से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद दुखद खबर आई है। यहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले छात्र ने अपने मोबाइल में एक बेहद भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया। इस वीडियो में उसने अपनी गंभीर मानसिक स्थिति और इस आत्मघाती फैसले की वजह बयां की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
लगातार मिल रही असफलताओं से टूट चुका था छात्र
मृतक छात्र बीते काफी समय से इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था। लगातार कोशिशों के बावजूद सफलता न मिलने के कारण वह भारी मानसिक तनाव से गुजर रहा था। गुरुवार की रात वह रोज की तरह अपने कमरे में पढ़ने गया था।

अगली सुबह जब काफी देर तक छात्र ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने जब किसी तरह भीतर जाकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई।
मरने से पहले मोबाइल में रिकॉर्ड की अपनी बेबसी
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस को तफ्तीश के दौरान छात्र के मोबाइल से एक वीडियो मिला। इसे उसने सुसाइड करने से ठीक पहले रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने रोते हुए अपना दर्द बयां किया है।
छात्र ने वीडियो में कहा कि कई प्रयासों के बाद भी नीट परीक्षा न निकाल पाने के कारण वह गहरे दबाव में था। उसने साफ किया कि इस कदम के लिए कोई दूसरा जिम्मेदार नहीं है। पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Author: Ajay Mishra

