Himachal Pradesh News: हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र में शादी के नाम पर बहुत बड़ी धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शातिर महिला ने मात्र पांच महीने के भीतर तीन अलग-अलग युवकों से विवाह रचाया। इसके बाद वह कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
पुलिस जांच में पता चला है कि यह लुटेरी दुल्हन जनवरी में बिलासपुर के जेजवीं, फरवरी में हमीरपुर के गलोड़ और मई में बिलासपुर के ही बल्हसीना क्षेत्र के युवकों को अपना शिकार बना चुकी है। महिला शादी के बाद कुछ दिन सामान्य तरीके से ससुराल में रुकती थी।
इसके बाद वह मंदिर जाने, रिश्तेदार की बीमारी या मौत का झूठा बहाना बनाकर घर से रफूचक्कर हो जाती थी। पुलिस अब इस संगठित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। इसमें कुछ स्थानीय बिचौलियों और शातिर महिलाओं की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
मैरिज रजिस्ट्रेशन और आधार कार्ड ने खोला धोखाधड़ी का राज
इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब हमीरपुर के मनीष ने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई। मनीष की शादी इसी साल फरवरी में पंजाब के बटाला में हुई थी। जब मनीष ने अपनी पत्नी पर मैरिज रजिस्ट्रेशन और आधार कार्ड दिखाने का दबाव बनाया, तो वह घबरा गई।
सच सामने आने के डर से महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर मनीष के परिवार को गंभीर धमकियां दीं। इसके बाद वह जम्मू जाने का बहाना बनाकर घर से हमेशा के लिए भाग निकली। शक होने पर मनीष ने पुलिस स्टेशन जाकर पूरी आपबीती सुनाई।
बड़सर के डीएसपी लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित युवकों की शिकायतों को जोड़कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। बहुत जल्द इस अंतरराज्यीय मैरिज फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
Reported By: Sunita Gupta


