Himachal Pradesh News: बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डियारा सैक्टर के निवासी और ऑल इंडिया फैडरेशन ऑफ इंजीनियर्स के सदस्य राजीव शर्मा के नाम पर बिना किसी ठोस आधार के गलत ई-चालान जारी कर दिया गया। इस घटना से आम वाहन चालकों में भ्रम और गहरी चिंता का माहौल बन गया है।
बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल का चालान और कार का नंबर
पीड़ित राजीव शर्मा ने बताया कि गत 16 जून की सुबह उनके मोबाइल पर एक मैसेज प्राप्त हुआ। इस संदेश में बिना हैल्मेट वाहन चलाने के आरोप में 1000 रुपए का जुर्माना दिखाया गया था। हैरानी की बात यह रही कि चालान मोटरसाइकिल का काटा गया, जबकि उस पर दर्ज वाहन नंबर उनकी कार का था।
राजीव शर्मा ने रोष जताते हुए कहा कि नियमों के अनुसार किसी भी ई-चालान के साथ फोटो या अन्य डिजिटल साक्ष्य होना अनिवार्य है। पुलिस ने इस मामले में ऐसा कोई भी प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया। इसके अलावा, जिस समय यह चालान काटा गया, उस समय उनकी कार पूरी तरह सुरक्षित घर पर खड़ी थी।
पुलिस चौकी में शिकायत के बाद प्रक्रिया हुई शुरू
परेशान होकर जब उन्होंने शहर पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई, तो अधिकारियों ने अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि यह चालान तकनीकी त्रुटि के कारण गलती से जारी हो गया था। पुलिस प्रशासन ने इसे जल्द ही निरस्त करने का आश्वासन दिया, लेकिन वे फोटो रिकॉर्ड नहीं दिखा सके।
राजीव शर्मा का मानना है कि हर आम नागरिक इस तरह की तकनीकी त्रुटियों की बारीकी से जांच नहीं कर पाता है। कई वाहन चालक समय की कमी के कारण बिना किसी सत्यापन के ही डरकर जुर्माना भर देते हैं। ऐसे मामलों से लोगों को आर्थिक नुक्सान होता है और व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।
इस पूरे मामले पर जिला यातायात प्रभारी ए.एस.पी. बिलासपुर शिव चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील मामला अब पूरी तरह पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। संबंधित गलत चालान को सिस्टम से तुरंत रद्द करने की विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Reported By: Sunita Gupta


