Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। रामपुर बुशहर उपमंडल में बुधवार शाम एक एचआरटीसी (HRTC) बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई है, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
खोलीघाट के समीप घोटोला में हुआ हादसा
यह दुर्घटना रामपुर-खोलीघाट रूट पर शाम करीब सात बजे घोटोला के पास हुई। बस सड़क से करीब 50-60 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 20 से 22 यात्री सवार थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
खनेरी अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। बचाव टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी 15 घायलों को तुरंत रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।

