Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सुरक्षा के लिहाज से सबसे संवेदनशील माने जाने वाले कमिश्नरी चौराहे पर सोमवार को हड़कंप मच गया। सोशल समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेणु सिंह राणा हाथ में नंगी तलवार लेकर अचानक वहां पहुंच गईं, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भीड़ और पुलिस की मौजूदगी के बीच महिला को तलवार लहराते देख सुरक्षाकर्मी दंग रह गए। मौके पर तैनात लालकुर्ती थाना प्रभारी (एसएचओ) हरेन्द्र सिंह ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने महिला के सामने हाथ जोड़कर विनती की और काफी समझाने के बाद तलवार को अपने कब्जे में ले लिया।
यूजीसी बिल के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंची थीं महिला
पेशे से वकील और पार्टी अध्यक्ष रेणु सिंह राणा सोमवार को यूजीसी बिल के विरोध में प्रदर्शन करने कमिश्नरी चौराहे पहुंची थीं। उनका मकसद वहां अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करना था। उनके एक हाथ में विरोध प्रदर्शन का बैनर और दूसरे हाथ में धारदार नंगी तलवार थी।
अति सुरक्षित इलाके में खुलेआम हथियार लहराता देख पुलिस तुरंत एक्शन में आई। लालकुर्ती पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला नेता को शांत कराया। पूछताछ के दौरान महिला ने इसे अपनी खानदानी तलवार बताते हुए अपने कदम को सही ठहराने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी (एसएचओ) सौरभ शुक्ला ने बताया कि महिला से हथियार बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

