लखनऊ के शिवांश को मिली ऑल इंडिया 152वीं रैंक, टॉपर्स में चमके शहर के कई मेधावी

Lucknow News: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी 2026 का परीक्षा परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के होनहार छात्र शिवांश ने ऑल इंडिया रैंक 152 हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।

- Advertisement -

शिवांश ने अपनी इस शानदार सफलता से न सिर्फ अपने माता-पिता का सिर फख्र से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे लखनऊ जिले का नाम भी रोशन किया है। परिणाम जारी होने के बाद से ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

यासिर और मोहित को भी मिली शानदार रैंक

राजधानी लखनऊ के कई अन्य छात्रों ने भी इस परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन कर शीर्ष सूची में जगह बनाई है। शहर के रहने वाले यासिर ने ऑल इंडिया रैंक 157 हासिल की है। इसके साथ ही मोहित को ऑल इंडिया रैंक 550 प्राप्त हुई है।

इसके अलावा शहर के मेधावी छात्र चिन्मय ने ऑल इंडिया रैंक 569 और शावेज ने ऑल इंडिया रैंक 738 हासिल कर अपनी योग्यता साबित की है। इन सभी होनहारों की कामयाबी से जिले के शिक्षा जगत और अभिभावकों में काफी खुशी का माहौल है।

- Advertisement -

गुरुवार को परिणाम घोषित होते ही देश भर के लाखों परीक्षार्थियों ने अपना रिजल्ट देखने के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट लॉगइन करना शुरू कर दिया। अचानक बढ़े इस भारी ट्रैफिक के कारण एजेंसी का सर्वर डाउन हो गया और वेबसाइट पूरी तरह ठप हो गई।

तकनीकी समस्या से परेशान रहे परीक्षार्थी

वेबसाइट के बार-बार क्रैश होने और धीमी गति से चलने के कारण रिजल्ट देखने के इच्छुक परीक्षार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बहुत से अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर भी तकनीकी खराबी को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और गुस्सा जाहिर किया।

बता दें कि नीट यूजी 2026 की परीक्षा 21 जून को आयोजित हुई थी। लखनऊ शहर में परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 75 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 35,494 परीक्षार्थियों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में भाग लिया था।

इस साल देश भर के करीब 11.21 लाख उम्मीदवारों ने एमबीबीएस, बीडीएस और आयुष पाठ्यक्रमों के लिए क्वालिफाई किया है। आंकड़ों के अनुसार, कुल 138 उम्मीदवारों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए हैं, जिनमें से 93 फीसदी छात्र पहली बार परीक्षा में बैठे थे।

सफल उम्मीदवारों में 58 फीसदी लड़कियां

परीक्षा में शामिल हुए कुल 20 लाख परीक्षार्थियों में से 11.21 लाख छात्र सफल घोषित किए गए हैं। इस बार बाजी मारने वाले उम्मीदवारों में करीब 58 फीसदी छात्राएं शामिल हैं। पंजाब के आर्यन गुप्ता ने ऑल इंडिया रैंक 1 और हरियाणा के पंशुल बंसल ने रैंक 2 पाई है।

देशभर में कुल 19 उम्मीदवारों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। एजेंसी के अनुसार 1,492 उम्मीदवारों ने 650 से अधिक, 10,160 उम्मीदवारों ने 600 से अधिक और कुल 90,780 अभ्यर्थियों ने 500 या उससे अधिक अंक अर्जित कर मेडिकल काउंसलिंग का रास्ता साफ किया है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles