Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने मंडी जिला के परमार कॉलोनी में एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक किराए के कमरे में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मौके से 20 ग्राम चिट्टा (हेरॉइन) बरामद कर एक दंपति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ टीम ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी
स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू की टीम को परमार कॉलोनी के एक क्वार्टर में नशीले पदार्थों के होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही एएसआई भानु प्रताप की अगुवाई में टीम ने तुरंत रणनीति बनाई। पुलिस टीम ने संदिग्ध क्वार्टर की तलाशी ली, तो वहां से 20 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार (33) और उसकी पत्नी सपना (26) के रूप में हुई है। यह दंपति मंडी जिला के कोटली तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम त्रांबी और डाकघर खलानू के निवासी हैं।
सदर थाना मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
एसटीएफ की टीम ने आरोपियों को पकड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस थाना सदर मंडी में आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे।
कुल्लू एसटीएफ के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में आरक्षी शाहिद अली, मोमिन खान और महिला आरक्षी शिवानी शामिल रहीं। उन्होंने साफ किया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस और एसटीएफ का यह विशेष अभियान भविष्य में भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

