Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में गोबिंद सागर झील के पास एक गांव की महिला ने एक व्यक्ति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक महिला का शारीरिक और मानसिक शोषण किया था।
तलाक का झांसा देकर आरोपी ने महिला का जीता विश्वास
पीड़िता अपने पति और ससुराल वालों से अनबन के कारण कुछ वर्षों से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसकी जान-पहचान आरोपी व्यक्ति से हुई। आरोपी ने भी अपनी पत्नी से संबंध खराब होने की बात कही थी। उसने महिला को तलाक के बाद विवाह करने का भरोसा देकर उसका विश्वास जीता।
गर्भपात कराने और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की दी धमकी
महिला ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी। आरोपी ने उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाई। साथ ही यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वह महिला को आपत्तिजनक वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का डर दिखाता रहा।
पीड़िता को बाद में पता चला कि उक्त व्यक्ति के किसी अन्य महिला के साथ भी संबंध हैं। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने विवाह करने से भी साफ मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के ससुराल पक्ष को आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर उसकी मानहानि की।
जातिसूचक शब्द कहने और प्रताड़ित करने का भी आरोप
महिला 21 जून को जब आरोपी के घर पूछने गई, तो वहां भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी उसे जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित कर रहा है। उसने एक अन्य महिला और पूर्व पंचायत प्रतिनिधि पर भी आरोपी का साथ देने की बात कही है।
बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 69 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन अब इस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहा है।

