Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक बड़ी खबर सामने आई है। चुराह क्षेत्र के विधायक हंसराज का काफिला रोकने और एक पुलिस कर्मचारी के साथ मारपीट करने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को तीसा के एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
विधायक के काफिले के आगे खड़ी की थी गाड़ी
यह घटना 20 जून की शाम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोहाल के पास हुई थी। पुलिस के अनुसार बैहलाम निवासी छेछ कुमार ने अपनी गाड़ी सड़क के बीचोंबीच खड़ी कर दी थी। इससे वाहनों की आवाजाही रुक गई। ड्यूटी पर तैनात आरक्षी प्रकाश सिंह ने जब गाड़ी हटाने को कहा तो आरोपी बहस करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी का भाई नरेश कुमार और पिता कर्म चंद भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिस कर्मचारी और विधायक के समर्थकों पर पत्थरों से हमला कर दिया। इस हाथापाई में पुलिस जवान की वर्दी के बटन टूट गए, जेब फट गई और गले की चांदी की चेन भी गायब हो गई।
एसडीएम कोर्ट में दोबारा पेश होगा आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी मुख्य आरोपी उलझ गया। पुलिस ने रात करीब 11:30 बजे मुख्य आरोपी छेछ कुमार को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अब आरोपी को आगामी 21 जुलाई को दोबारा कोर्ट में पेश होना होगा।
इस पूरे मामले पर चुराह के विधायक हंसराज ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। मगर किसी को भी कानून और व्यवस्था हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सच जल्द ही सबके सामने आएगा।

