Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक चलती रोडवेज बस में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
यह घटना बांदा से सटे चित्रकूट जिले की है। रैपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक (SHO) राम सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान 23 वर्षीय राजकिशोर के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अगरहुंडा गांव से घेराबंदी कर दबोच लिया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को चित्रकूट जिले की रहने वाली एक महिला प्रयागराज से दवा लेकर अपनी 3 साल की बेटी के साथ रोडवेज बस से वापस लौट रही थी। इसी दौरान बस में उनकी बगल वाली सीट पर मानिकपुर कस्बे का निवासी राजकिशोर बैठा हुआ था।
सहयात्री ने गोद में बिठाकर मासूम बच्ची के साथ की दरिंदगी
सफर के दौरान आरोपी राजकिशोर ने मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी गोद में बिठा लिया। इसके बाद उसने चलती बस में ही बच्ची के साथ कथित रूप से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। कुछ देर बाद जब बच्ची अचानक तेज आवाज में रोने लगी, तब मामला सामने आया।
बच्ची के लगातार रोने पर मां ने उसे आरोपी की गोद से वापस अपने पास उठाया। मां ने जब बच्ची के शरीर पर खून देखा, तो उसे इस खौफनाक वारदात के बारे में पता चला। इसके बाद महिला ने तुरंत बस में शोर मचाया और रामनगर के पास गाड़ी रुकवाई।
महिला ने बस रुकवाकर थाने में दर्ज कराया मुकदमा, जांच जारी
पीड़ित महिला ने तुरंत रैपुरा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी राजकिशोर को अगरहुंडा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मासूम बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस घटना के बाद से बस में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

