Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। सलूणी क्षेत्र के तेलका में एक कलयुगी चाचा पर अपनी ही दो सगी नाबालिग भतीजियों के साथ दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगा है।
इस घिनौनी वारदात का खुलासा तब हुआ जब दोनों पीड़ित बच्चियों ने हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई। इस खौफनाक सच्चाई को सुनकर पीड़ित बच्चियों के माता-पिता को गहरा सदमा लगा। इसके बाद वे न्याय की गुहार लेकर पुलिस के पास पहुंचे।
जानिए पुलिस ने कब की आरोपी की गिरफ्तारी
पीड़ित बच्चियों के पिता ने तुरंत सदर थाना चंबा पहुंचकर आरोपी भाई के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू की गई।
आरोपी ने बड़ी भतीजी के साथ घर के भीतर और छोटी भतीजी के साथ खेत में इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश करेगी। इस शर्मनाक घटना के बाद सलूणी और आसपास के इलाकों में स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कुछ बातें स्वीकार की हैं। जांच पूरी होते ही पुलिस कोर्ट में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर सख्त सजा दिलवाएगी।

