Bahadurgarh News: हरियाणा के बहादुरगढ़ में गुप्तचर विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 3 साल से फर्जी दस्तावेजों के सहारे शहर में छिपा हुआ था और अपनी पहचान बदलकर रह रहा था।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी साल 2019 में पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत की सीमा में दाखिल हुआ था। इसके बाद उसने भारत में रहने के लिए एक फर्जी आधार कार्ड बनवाया और अपनी असली पहचान को पूरी तरह छिपा लिया।
खुफिया विभाग के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह की टीम को इस शख्स की संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने उस पर लगातार निगरानी रखनी शुरू कर दी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद टीम ने उसे बहादुरगढ़ से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में खुली आरोपी की पोल
कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी असली पहचान उजागर कर दी। उसने अपना नाम टिंकर बताया, जो बांग्लादेश के नोराइल का रहने वाला है। उसने यह भी कबूल किया कि उसके माता-पिता आज भी बांग्लादेश में ही रह रहे हैं।
जांच एजेंसियों ने जब आरोपी के मोबाइल फोन की बारीकी से पड़ताल की, तो उन्हें कई चौंकाने वाले सबूत मिले। मोबाइल से कई संदिग्ध चैट, फोन नंबर और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड बरामद हुए हैं। इन सभी का सीधा कनेक्शन बांग्लादेश से बताया जा रहा है।
बंगाली दवाखाने में कर रहा था काम
सुरक्षा एजेंसियों की जांच में पता चला है कि आरोपी ने भारत में घुसने के बाद पश्चिम बंगाल के एक पते पर फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाया था। इसी फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल कर वह बहादुरगढ़ में छिपा था और एक बंगाली दवाखाने में काम कर रहा था।

