Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा के ताजगंज इलाके से एक इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पति की मौत के बाद मेहनत-मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का पेट पाल रही एक बेबस महिला को इलाके के ही एक ऑटो चालक ने अपनी हवस का शिकार बनाया।
आरोपी ने पहले महिला को धोखे से कोई नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह शादी का झूठा झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब पीड़ित महिला गर्भवती हो गई, तो आरोपी अपनी कही बातों से पूरी तरह मुकर गया।
शुरुआत में पुलिस की ढीली कार्रवाई के बाद अब इस संवेदनशील मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में डीसीपी सिटी के सख्त आदेश के बाद अब जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित महिला अपने तीन बच्चों की परवरिश के लिए कपड़ों के एक शोरूम में नौकरी करती थी।
शादी का ढोंग कर मुकरा आरोपी
दुकान आने-जाने के दौरान महिला की मुलाकात अपने ही मोहल्ले के एक ऑटो चालक से हुई थी। एक दिन आरोपी ने महिला की बेहोशी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। बदनामी के डर और शादी के वादे के कारण आरोपी लगातार उसका शोषण करता रहा।
महिला के गर्भवती होने पर जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी कानूनी कार्रवाई से डर गया। उसने एक मंदिर में ले जाकर शादी का ढोंग रचाया। हालांकि, बाद में उसने महिला को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार करने और साथ रखने से साफ मना कर दिया।
पुलिस की लचर कार्रवाई पर उठे सवाल
अपने और बच्चों के हक के लिए पीड़िता दोबारा पुलिस स्टेशन पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझे बिना बेहद हल्की धाराओं (जैसे मारपीट) में एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, जिससे लोगों में काफी नाराजगी है।

