Business News: देश की सबसे बड़ी और दिग्गज बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) ने ऑटोमोबाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनी मारुति सुजुकी पर अपना भरोसा और बढ़ा दिया है। एलआईसी ने खुले बाजार से मारुति सुजुकी के हजारों नए शेयर खरीदकर बाजार में खलबली मचा दी है।
जानिए कितने करोड़ में हुई यह नई ब्लॉक डील?
एलआईसी ने एक्सचेंज फाइलिंग में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि उसने मार्केट परचेज के जरिए मारुति सुजुकी के 51,750 अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं। इस बड़े सौदे की कुल वैल्यू लगभग 67.61 करोड़ रुपये आंकी गई है। शुक्रवार को मारुति सुजुकी के शेयर बीएसई में 13,048.60 रुपये पर बंद हुए।
इस नए ट्रांजैक्शन से पहले सरकारी बीमा कंपनी के पास मारुति सुजुकी के कुल 1.57 करोड़ शेयर मौजूद थे। तब ऑटोमोबाइल कंपनी में एलआईसी की कुल हिस्सेदारी 4.989 फीसदी थी। अब इन नए शेयरों की खरीद के बाद मारुति सुजुकी में एलआईसी की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 5.006 फीसदी पर पहुंच गई है।
कैसा रहा है मारुति सुजुकी के शेयरों का प्रदर्शन?
मारुति सुजुकी के शेयरों ने पिछले पांच साल के दौरान अपने निवेशकों को करीब 81 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। साल 2021 में कंपनी के शेयर जहां 7,213.95 रुपये के स्तर पर थे, वहीं अब ये बढ़कर 13,048.60 रुपये के पार पहुंच चुके हैं। पिछले तीन साल में यह शेयर 37 फीसदी उछला है।
हालांकि, मौजूदा साल में मारुति के शेयरों में करीब 22 फीसदी की गिरावट भी देखने को मिली है। पिछले छह महीनों में भी स्टॉक लगभग 20 फीसदी तक टूटा है। इस बीच मारुति सुजुकी ने पर्यावरण के अनुकूल देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार को भी बाजार के सामने पेश किया है।
LIC ने मार्च तिमाही में की रिकॉर्ड तोड़ खरीदारी
बीमा दिग्गज एलआईसी ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में भारतीय शेयर बाजार में करीब 18,500 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बड़ा निवेश किया है। एलआईसी ने इस दौरान मारुति सुजुकी के अलावा बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल जैसी कई अन्य बड़ी दिग्गज कंपनियों में भी भारी पूंजी लगाई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सिर्फ मार्च तिमाही में ही एलआईसी ने मारुति सुजुकी के 1,374 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। दूसरी तरफ, एलआईसी ने हाल ही में अपने शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर भी आवंटित किए हैं, जिससे उसके खुद के निवेशकों को बड़ा फायदा मिला है।
Author: Rajesh Kumar


