Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों के चलते पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। चकेरी पुलिस ने 52 वर्षीय राजमिस्त्री की हत्या का पर्दाफाश करते हुए पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल उसका प्रेमी अभी फरार है।
शव मिलने के बाद बेटे को हुआ शक
यह घटना 1 और 2 अप्रैल की दरम्यानी रात की है। श्यामनगर बाईपास स्थित किराए के कमरे में आशीष कुमार शर्मा का शव संदिग्ध हालत में मिला था। शुरुआत में परिवार वालों ने इसे सामान्य मौत समझा। लेकिन मृतक के बेटे को कुछ अटपटा लगा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया। आशीष की मौत गला घोंटने से हुई थी।
CCTV फुटेज ने खोल दिया राज
मृतक के साले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सर्विलांस टीम और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो सच्चाई सामने आ गई। घटना वाली रात मृतक की पत्नी आरती शर्मा अपने एक साथी के साथ कमरे में जाती दिखी। कुछ देर बाद दोनों को साथ बाहर निकलते भी देखा गया। पुलिस जांच में पता चला कि आरती का पड़ोसी सबलू खान उर्फ शफात से प्रेम संबंध था।
पति के विरोध के चलते रची गई साजिश
आशीष अपनी पत्नी के इस अवैध रिश्ते का कड़ा विरोध करता था। इसी बात को लेकर घर में रोजाना झगड़े होते थे। पुलिस के अनुसार, पति के विरोध से तंग आकर आरती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे खत्म करने की योजना बनाई। रात के अंधेरे में दोनों ने मिलकर आशीष का गला घोंट दिया। उन्होंने घटना को सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने सारा खेल बिगाड़ दिया।
पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी फरार
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पत्नी आरती शर्मा को नौबस्ता इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं वारदात का सह-अभियुक्त सबलू खान अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।

