Delhi News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी करोड़ों किसानों के लिए आज यानी शनिवार 20 जून 2026 का दिन बेहद खास है। केंद्र सरकार आज योजना की बहुप्रतीक्षित 23वीं किस्त जारी करने जा रही है। इससे देश के करोड़ों सीमांत किसानों को सीधे तौर पर बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी बंगाल से ट्रांसफर करेंगे ₹18,880 करोड़
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि आज देश भर में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के जरिए किसानों के बैंक खातों में राशि भेजेंगे।
इस बार 23वीं किस्त के तहत देश के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की भारी-भरकम राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। खरीफ फसलों की बुवाई के इस सीजन में किसानों के लिए यह राशि बेहद मददगार साबित होगी।
कृषि मंत्री ने योजना की सफलता साझा करते हुए बताया कि अब तक 22 किस्तों के माध्यम से 9.5 करोड़ से अधिक किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है। सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
इन गलतियों के कारण अटक सकती है आपकी किस्त
पीएम-किसान योजना के तहत पात्र लाभार्थी किसानों को प्रति वर्ष कुल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह सालाना राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में चार-चार महीने के अंतराल पर सीधे किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें इस किस्त का लाभ नहीं मिल सकेगा। इसके अलावा बैंक खाते के साथ आधार सीडिंग न होने या आवेदन फॉर्म में किसी भी तरह की त्रुटि होने पर राशि अटक सकती है।
कृषि विभाग ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे तुरंत आधिकारिक पीएम-किसान पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन और बैंक खाते का स्टेटस चेक कर लें। सभी जरूरी दस्तावेज सही होने पर ही आज जारी होने वाली सम्मान राशि आपके खाते में सुरक्षित पहुंच पाएगी।
Author: Shilla Bhatia


