Varanasi: वाराणसी में पेट्रोल पंप के पास मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, दो घंटे तक दहशत में रहे लोग

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के गुरुधाम चौराहे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से बिल्कुल सटे मोबाइल टावर में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना से घनी आबादी वाले इलाके में हड़कंप मच गया।

पेट्रोल पंप के पास मोबाइल टावर में लगी भीषण आग

यह मोबाइल टावर मुड़ीकट्टा बाबा मंदिर के पास स्थित फ्यूल स्टेशन से बिल्कुल सटा हुआ है। दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे टावर के ऊपरी हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं। लपटें देखकर ईंधन भराने आए वाहन चालक और वहां काम करने वाले कर्मचारी अपनी जान बचाकर भाग खड़े हुए।

आसपास के निवासियों में लगभग दो घंटे तक भारी दहशत का माहौल बना रहा। लोगों को डर था कि टावर के जलते हुए तार कहीं पेट्रोल पंप की भूमिगत टंकी पर न गिर जाएं। यदि आग वहां तक पहुंच जाती तो घनी आबादी के बीच स्थित यह पूरा इलाका जलकर खाक हो जाता।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू और टावर में हुआ शॉर्ट सर्किट

सूचना मिलते ही भेलूपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने एहतियातन पेट्रोल पंप का संचालन बंद करा दिया। इसके साथ ही रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को रोककर पूरे इलाके को तुरंत खाली कराया गया।

दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायरकर्मी राजेंद्र सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण टावर ओवर हीट हो गया था। इसी वजह से उसमें शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क गई। अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories