पंजाब में कुदरत का कहर! 13 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं

Chandigarh News: पंजाब में मौसम का मिजाज अचानक पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने वीरवार को राज्य भर में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के अनुसार, वीरवार को पंजाब के अधिकांश हिस्सों में तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं। विशेषकर मध्य पंजाब क्षेत्र के कई जिलों में स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है, जिसके मद्देनजर प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

60 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगा तूफान

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की तूफानी रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, यलो अलर्ट वाले बाकी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, लुधियाना, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फाजिल्का में यलो अलर्ट लागू रहेगा।

बिजली के खंभों और पेड़ों से रहें दूर

खराब मौसम को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि गरज-चमक और आंधी के दौरान लोग खुले स्थानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर अगले दो दिनों तक और बना रहेगा। 5 जून को फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर और पटियाला सहित केवल दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में ही यलो अलर्ट रहेगा, जबकि अन्य हिस्सों में मौसम साफ होने लगेगा।

6 जून से मिलेगी राहत

आगामी 6 जून को पंजाब के अधिकतर हिस्सों में मौसम सामान्य हो जाने का अनुमान है। इस दिन केवल कुछ चुनिंदा दक्षिणी जिलों जैसे फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में ही हल्की गरज-चमक के साथ यलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।

राहत की बात यह है कि 7 जून को पूरे पंजाब में किसी भी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताहांत से राज्य के सभी जिलों में मौसम सामान्य हो जाएगा और लोगों को इस आंधी-तूफान से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।

Author: Shilla Bhatia

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories