Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने मान्यता प्राप्त अनुदानित और स्ववित्तपोषित विद्यालयों के कर्मचारियों समेत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डेन और प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की तैयारी तेज कर दी है।
इस कल्याणकारी योजना का लाभ कर्मचारियों के साथ-साथ उनके आश्रित परिवारों को भी सीधे मिलेगा। बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को कड़े निर्देश जारी किए हैं। योजना को धरातल पर उतारने के लिए आगामी 4 जून को दोपहर 12 बजे लखनऊ स्थित निदेशालय में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
लखनऊ में होने वाले इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में ‘साचीज’ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ संबंधित नोडल अधिकारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा की पूरी प्रक्रिया समझाएंगे। इसके साथ ही योजना के सुचारू संचालन की बारीकियों से भी रूबरू कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से एक-एक नामित नोडल अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे, ताकि पात्र परिवारों तक लाभ आसानी से पहुंचे।
Author: Ajay Mishra


