कार में खून से लथपथ मिली लाश, मरने से पहले पत्नी को किया था कॉल, मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर सनसनी

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कैली अंडरपास की सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो कार के अंदर युवक का गोली लगा हुआ शव बरामद हुआ है। मृतक के सिर में तीन गोलियां मारी गई हैं। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

हापुड़ जनपद के दयोमी गांव के रहने वाले तुषार त्यागी सोमवार की रात करीब आठ बजे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से किसी काम के लिए घर से निकले थे। रात नौ बजे तुषार ने अपनी पत्नी शिखा को व्हाट्सएप कॉल किया। उन्होंने घबराते हुए बताया कि कुछ लोग उन्हें जबरन जंगल की तरफ ले जा रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

तुषार का कॉल कटने के बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच तुषार के दोस्त के मोबाइल पर आरोपी की कॉल आई। आरोपी ने बताया कि तुषार को गोली मार दी गई है और उसकी गाड़ी कैली ओवरब्रिज के नीचे खड़ी है। इसके बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया।

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के जिला अध्यक्ष पर हत्या का आरोप

पीड़िता शिखा त्यागी ने इस खौफनाक हत्याकांड में राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के जिला अध्यक्ष बिट्टू त्यागी और गांव के ही तरुण त्यागी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। शिखा ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पहले तरुण त्यागी के साथ उनके पति का विवाद हुआ था, जिसमें तरुण ने लाइसेंसी रिवाल्वर से जान से मारने की धमकी दी थी।

पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के नाम पर बिट्टू त्यागी के आवास पर बैठक भी हुई थी। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर जब पीड़ित परिवार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो तुषार चालक की सीट पर खून से लथपथ मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसपी देहात ने किया घटनास्थल का दौरा, दो आरोपी हिरासत में

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अभिजीत कुमार ने तुरंत घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने के कड़े आदेश जारी किए हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी बिट्टू त्यागी समेत दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस पूरी वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

Author: Raj Thakur

Hot this week

Shimla Secretariat News: नए सीएम कार्यालय के लिए सचिवालय में बड़ा बदलाव, अस्थायी दफ्तर से चलेगा कामकाज

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के...

Related Articles

Popular Categories