6 दिन पहले किडनैप हुई मशहूर पंजाबी सिंगर की बेरहमी से हत्या, नहर में मिला शव, क्या शादी से इनकार बनी वजह?

Punjab News: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस दुखद खबर ने पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया है।

हैरानी की बात यह है कि अज्ञात बदमाशों ने छह दिन पहले सिंगर का अपहरण किया था। तभी से वह लगातार लापता चल रही थीं। पुलिस और परिजन उनकी सरगर्मी से तलाश कर रहे थे। अब पुलिस को सिंगर का शव बरामद हुआ है।

लुधियाना की नीलो नहर से बरामद हुआ सिंगर का शव

यह सनसनीखेज वारदात पंजाब के लुधियाना जिले में सामने आई है। पुलिस को 19 मई की सुबह नीलो नहर में एक युवती का शव मिला था। इसके बाद मौके पर पहुंचे पीड़ित परिवार ने मृतका की पहचान इंदर कौर के रूप में की है।

पुलिस ने प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को समराला के सिविल अस्पताल में रखवाया है। सिंगर के परिजनों के अनुसार इंदर कौर 13 मई की रात करीब 8:30 बजे अपनी कार से बाजार सामान लेने निकली थीं। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू हुई थी।

सिंगर इंदर कौर के परिजनों ने मोगा के रहने वाले सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सुखविंदर सिंह जबरन शादी करने के लिए इंदर कौर पर लगातार दबाव बना रहा था। इंदर ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया था।

कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आकर रची हत्या की साजिश

शादी से मना करने पर आरोपी बेहद नाराज चल रहा था। इसी रंजिश के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सिंगर का अपहरण किया और फिर हत्या कर दी। परिजनों का दावा है कि आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश पहले से रची हुई थी।

वह इसी इरादे से कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वापस कनाडा भाग गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने 15 मई को ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

परिजनों का कहना है कि समय रहते पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जमालपुर थाना के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इंदर कौर ने ‘किसान एंथम 2’ और ‘जट्ट माइंड’ जैसे कई लोकप्रिय गाने गाए थे।

Author: Gurpreet Singh

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories