Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ किरावली क्षेत्र के तेवतिया वाटर पार्क में आठ साल के एक मासूम बच्चे की पूल में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया है।
परिजनों की नजरों से दूर गहरे पानी में गया मासूम
पुलिस के अनुसार शाहगंज क्षेत्र के अजीत नगर निवासी रोबिन अपनी पत्नी नीलम और आठ वर्षीय बेटे मनित के साथ वाटर पार्क घूमने आए थे। पूरा परिवार बच्चों वाले पूल के पास नहा रहा था। तभी मनित खेलते-खेलते अचानक परिजनों से अलग होकर गहरे पानी की तरफ चला गया।
काफी देर तक जब मनित दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद परिवार और वहां मौजूद कर्मचारियों ने मिलकर पूल में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्चे को बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाला जा सका।
घबराए परिजन बच्चे को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर भागे। वहाँ बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
लापरवाही और सुरक्षा मानकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बेटे की मौत से टूटा परिवार बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव लेकर घर चला गया था। सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस पीड़ित परिवार के घर पहुंची। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अब पुलिस वाटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और उसके पंजीकरण संबंधी सभी दस्तावेजों की गहनता से जांच करेगी। पुलिस पार्क में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। जांच में प्रबंधन की लापरवाही मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस वाटर पार्क में सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके अलावा कुछ दिन पहले इसी वाटर पार्क के लॉकर से मोबाइल और नकदी चोरी होने का मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
Author: Ajay Mishra

