Mumbai News: बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर इन दिनों साउथ सिनेमा में अपनी धाक जमा रही हैं। इसी बीच उनकी आने वाली मेगा बजट फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। इस फिल्म का मुख्य किरदार पहले जाह्नवी की सगी छोटी बहन खुशी कपूर को मिलने वाला था।
मशहूर डायरेक्टर बुची बाबू सना ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में इस राज से पर्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि वह फिल्म की कहानी लेकर सबसे पहले खुशी कपूर के पास गए थे। उन्होंने खुशी को पूरी स्क्रिप्ट भी सुना दी थी, लेकिन बाद में मेकर्स ने अपना फैसला अचानक बदल दिया।
डायरेक्टर ने खुशी कपूर को फिल्म से क्यों निकाला?
निर्देशक बुची बाबू सना के मुताबिक जब उन्होंने खुशी कपूर को सामने से देखा, तो उन्हें एक बड़ी उलझन महसूस हुई। उन्हें लगा कि खुशी इस बेहद गंभीर किरदार के हिसाब से उम्र में बहुत छोटी दिख रही हैं। इसके बाद डायरेक्टर ने खुशी को फिल्म में कास्ट न करने का कठिन फैसला लिया।
इसके बाद निर्देशक के सामने सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। उन्हें खुशी कपूर को रिजेक्ट करने के बाद उसी घर में जाह्नवी कपूर को वही कहानी सुनानी पड़ी। बुची बाबू सना ने बताया कि उन्होंने खुशी कपूर से सीधे मिलकर कहा कि फिल्म के लिए मुझे आप नहीं, बल्कि आपकी बड़ी बहन चाहिए।
इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘पेड्डी’
डायरेक्टर ने जाह्नवी कपूर से भी पूछा था कि कहीं इस फैसले से खुशी का दिल तो नहीं दुखा। हालांकि सिनेमा की बेहतरी के लिए मेकर्स को ऐसे कड़े फैसले लेने पड़ते हैं। अब इस स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म में जाह्नवी कपूर मुख्य नायिका ‘अचियम्मा’ के दमदार रोल में स्क्रीन शेयर करेंगी।
फिल्म समीक्षकों के बीच राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर इस फिल्म को लेकर भारी उत्सुकता बनी हुई है। पहले यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी। लेकिन अब मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी है। यह फिल्म आगामी 4 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
जाह्ववी कपूर इससे पहले साउथ के दिग्गज सुपरस्टार जूनियर एनटीआर के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘देवरा’ में अपनी बेहतरीन अदाकारी का जलवा बिखेर चुकी हैं। अपनी दिवंगत मां और लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी के नक्शेकदम पर चलते हुए जाह्नवी अब हिंदी के साथ-साथ तेलुगु सिनेमा में भी बड़ी स्टार बन चुकी हैं।
Author: Manisha Thakur


