Mumbai News: एकता कपूर का मशहूर अलौकिक शो ‘नागिन 7’ अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। मेकर्स इसके ग्रैंड फिनाले एपिसोड को बेहद धमाकेदार बनाने की तैयारी में जुटे हैं। सोशल मीडिया पर चल रही ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगामी 7 जून को इस सीजन का आखिरी एपिसोड टीवी पर टेलीकास्ट हो सकता है।
कहानी में कई बड़े लीप आने के बाद अब नागिन और ड्रैगन के बीच एक खतरनाक महायुद्ध देखने को मिलेगा। शो में मुख्य नागिन का किरदार प्रियंका चाहर चौधरी निभा रही हैं। वहीं कनिका मान ड्रैगन के रूप में उनके सामने चुनौती पेश कर रही हैं। इसके साथ ही एलिस कौशिक को भी दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।
ग्रैंड फिनाले में पुरानी नागिनों की होगी धमाकेदार वापसी
मेकर्स ने अंतिम एपिसोड को यादगार बनाने के लिए तीन बड़ी अभिनेत्रियों की एंट्री तय की है। खबरों के अनुसार, एकता कपूर पुराने सीजन्स की मशहूर नागिन तेजस्वी प्रकाश और अनिता हस्सनंदनी को वापस ला रही हैं। ये दोनों पुरानी नागिनें प्रियंका चाहर चौधरी की मदद के लिए युद्ध के मैदान में उतरेंगी।
इन दोनों दिग्गज अभिनेत्रियों के अलावा इस महासंग्राम में दिव्या अग्रवाल भी मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। दिव्या के आने से शो का रोमांच काफी बढ़ गया है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक दिव्या अग्रवाल के किरदार को पूरी तरह गुप्त रखा है, जिससे फैंस के बीच उत्सुकता काफी बढ़ गई है।
खतरनाक मोड़ पर पहुंची कहानी और रची गई नई साजिश
अभी यह साफ नहीं हुआ है कि दिव्या अग्रवाल नागिनों की टीम का हिस्सा बनेंगी या फिर वह ड्रैगन का साथ देंगी। वर्तमान ट्रैक की बात करें तो राधिका और आर्यमान की शादी हो चुकी है। दूसरी तरफ अहाना अपनी याददाश्त खो बैठी है और भरणी उसे पुरानी बातें याद दिलाने में जुटी है।
आने वाले एपिसोड में राधिका एक बेहद खतरनाक चाल चलने वाली है। भरणी अब अहाना को जान से मारने के लिए उसे बेलपत्र का पानी पिलाने की बड़ी योजना बना रही है। इस खतरनाक साजिश के चलते सीरियल में नागिन के पूरे नए परिवार का अंत होने का खतरा मंडराने लगा है।
Author: Manisha Thakur

