Rajasthan News: प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-56 पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक हवा में उछलकर करीब 30 फीट दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरे जिले में नाकाबंदी करवाई और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
सेवरा गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा
यह दर्दनाक हादसा हाईवे पर स्थित सेवरा गांव के पास हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रेलर चालक बेहद तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही धमोतर थाना अधिकारी घीसू लाल पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को निजी वाहनों के जरिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के पास मिले पहचान दस्तावेजों के आधार पर उनकी शिनाख्त की। इनमें से एक मृतक की पहचान राजू (35) के रूप में हुई, जो पीपली खेड़ा टिकनिया का रहने वाला था।
दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य मृतकों की पहचान अकलाख (29) और अब्बास (30) के रूप में हुई है। ये दोनों युवक राजसमंद जिले के जगपुरा के निवासी थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने छोटी सादड़ी इलाके में घेराबंदी कर आरोपी ट्रेलर चालक को दबोच लिया।
मजदूरी कर लौट रहे थे घर, परिवारों में मचा कोहराम
इस अचानक हुए हादसे से तीनों मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक राजू पेशे से मजदूर था और उसी की कमाई से उसके घर का खर्च चलता था। उसके परिवार में पांच बेटियां और एक छोटा बेटा है, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है।
वहीं, राजसमंद के रहने वाले अब्बास और अकलाख लकड़ी कटाई का काम करते थे। वे दोनों मजदूरी के सिलसिले में ही प्रतापगढ़ आए हुए थे। शनिवार देर रात अपना काम खत्म करके वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में इस हादसे का शिकार हो गए।
Author: Manish Rathore


