Washington News: अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता को आज बहुत बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी सेना के एक भीषण हवाई हमले में ईरान के शीर्ष नौसेना कमांडर अली अजमाई के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। इस घटना के बाद खाड़ी देशों में युद्ध का खतरा मंडराने लगा है।
गल्फ न्यूज के अनुसार अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बुधवार रात ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास को निशाना बनाया। इस खुफिया ऑपरेशन में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के सबसे वरिष्ठ कमांडर अली अजमाई पर हमला किया गया। अमेरिकी रक्षा विश्लेषकों का दावा है कि इस हमले में कमांडर पूरी तरह ढेर हो गए।
संघर्ष पर नजर रखने वाले स्वतंत्र समूह ‘द ईरान वॉचर’ ने भी कमांडर अजमाई के मारे जाने की पुष्टि की है। हालांकि ईरानी सरकार ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। वरिष्ठ कमांडर अजमाई आईआरजीसी के पांचवें रणनीतिक नौसैनिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण कमान संभाल रहे थे।
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ा तनाव और वैश्विक संकट
कमांडर अजमाई के पास अरब खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में होने वाले सभी सैन्य अभियानों की देखरेख करने की जिम्मेदारी थी। यह जलमार्ग वैश्विक तेल परिवहन के लिए दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है। इस बड़े हमले के बाद इस पूरे समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा संकट काफी गहरा गया है।
ईरान ने अमेरिकी हमले का बदला लेने के लिए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने अमेरिकी हवाई ठिकानों पर भीषण हमले किए हैं। ईरान ने कुवैत में स्थित अमेरिकी बेस को निशाना बनाकर कई घातक ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
कुवैत के एयर डिफेंस सिस्टम ने हमलों को किया नाकाम
कुवैत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक देश की वायु सेना ने आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से इन मिसाइल हमलों को हवा में ही नाकाम कर दिया। कुवैती सेना के जनरल स्टाफ ने बताया कि सुबह सुनाई दिए जोरदार धमाके दुश्मन के मिसाइलों को नष्ट करने की कार्रवाई का हिस्सा थे।
अमेरिकी मीडिया सीएनएन और सीबीएस न्यूज के अनुसार ईरान ने सरकारी टेलीविजन पर बयान जारी कर अमेरिका को भुगतने की खुली धमकी दी है। आईआरजीसी ने कहा कि अमेरिका के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। इससे पहले अमेरिकी सेना ने होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली ईरानी नावें भी तबाह की थीं।
डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को दी उड़ा देने की सख्त धमकी
इस भीषण घमासान के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नया मोर्चा खोल दिया है। ट्रंप ने ओमान को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि उसने होर्मुज जलमार्ग पर नियंत्रण करने में ईरान का साथ दिया, तो अमेरिकी सेना ओमान पर भी बड़ा हमला करके उसे पूरी तरह उड़ा देगी।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने राष्ट्रपति ट्रंप की इस धमकी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ओमान हमारा सबसे घनिष्ठ मित्र देश है। ईरान पूरी ताकत के साथ ओमान के साथ खड़ा है। हमारी तरफ आंख उठाने वाले किसी भी दुश्मन को कड़ा सबक सिखाया जाएगा।
Author: Pallavi Sharma

