UK Train Accident: ब्रिटेन में दो पैसेंजर ट्रेनों के बीच हुई भीषण टक्कर, मची भारी चीख-पुकार, आपातकाल घोषित

World News: ब्रिटेन की राजधानी लंदन से करीब 60 मील उत्तर में स्थित बेडफोर्डशायर इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। बेडफोर्ड के दक्षिणी हिस्से में दो ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हुई है। इस भीषण दुर्घटना में कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत आपातकाल घोषित कर दिया। राहत और बचाव दल को बिना किसी देरी के मौके के लिए रवाना किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह भयानक हादसा बेडफोर्ड के दक्षिण में मुख्य रेलवे लाइन पर हुआ है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई हादसे की तस्वीरें

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस रेल दुर्घटना के कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पटरी पर खड़ी एक ट्रेन के पिछले हिस्से से दूसरी तेज रफ्तार ट्रेन का अगला हिस्सा बुरी तरह टकराया हुआ है।

इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इतनी जोरदार टक्कर होने के बावजूद दोनों ट्रेनें पटरी से नीचे नहीं उतरीं। हालांकि इस भयानक भिड़ंत के बाद ट्रेन के डिब्बों के अंदर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एयर एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम मौके पर तैनात

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सर्विस ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने घटनास्थल पर कई आपातकालीन एम्बुलेंस, डॉक्टरों की विशेष टीम और एक एयर एम्बुलेंस यानी हेलीकॉप्टर को राहत कार्य के लिए तुरंत तैनात कर दिया है।

ट्रेन के अंदर फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकालने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे दुर्घटनास्थल के आसपास भीड़ बिल्कुल न लगाएं ताकि बचाव कार्य तेजी से हो सके।

थैम्सलिंक रेलवे ने रूट ब्लॉक कर रोकी ट्रेनें

इस भीषण टक्कर के कारण क्षेत्र के पूरे रेल नेटवर्क पर गंभीर असर पड़ा है। थैम्सलिंक रेलवे ने सुरक्षा कारणों और तकनीकी जांच का हवाला देते हुए ल्यूटन और बेडफोर्ड के बीच के पूरे रूट को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है।

ब्रिटेन की परिवहन मंत्री हेदी अलेक्जेंडर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम और राहत कार्य पर लगातार करीब से नजर रख रही हैं। फिलहाल जांच जारी है।

Author: Pallavi Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories