Europe: चॉकलेट प्रेमियों के लिए एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। स्विट्जरलैंड की मशहूर कंपनी नेस्ले (Nestle) ने पुष्टि की है कि उसके किटकैट (KitKat) चॉकलेट बार की एक बड़ी खेप चोरी हो गई है। यह चोरी इतनी बड़ी है कि 12 टन से अधिक चॉकलेट बार चुरा लिए गए हैं। कंपनी ने खुद सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी दी है और प्रशंसकों को आश्वस्त किया है कि इससे उनकी सुरक्षा या उत्पादों की आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
कंपनी का आधिकारिक बयान
किटकैट ब्रांड नेअपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक बयान जारी कर इस घटना की जानकारी दी। बयान में कहा गया कि यह पूरी खेप मध्य इटली स्थित उनकी फैक्ट्री से पोलैंड में अपने गंतव्य तक ले जाई जा रही थी। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। कंपनी ने स्थानीय पुलिस और सप्लाई चेन पार्टनर्स के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है। ब्रांड ने साफ किया कि ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की कोई चिंता नहीं है और न ही इस चोरी का उनकी सप्लाई पर कोई प्रभाव पड़ेगा।
प्रवक्ता ने क्या कहा?
नेस्लेके एक प्रवक्ता ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पुष्टि की कि चोरी हुई यह खेप पिछले सप्ताह प्रोडक्शन सेंटर से निकली थी और इसे पूरे यूरोप में वितरित किया जाना था। दिलचस्प बात यह है कि प्रवक्ता ने चोरों के “बेहतरीन टेस्ट” की तारीफ करते हुए मजाकिया अंदाज भी अपनाया। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं पूरे उद्योग में आम होती जा रही हैं। यह चोरी ईस्टर (Easter) के त्योहार से ठीक पहले हुई है। ईस्टर के मौके पर ‘चॉकलेट हंट’ की परंपरा है, जिसमें चॉकलेट छिपाई जाती हैं और बच्चे उन्हें ढूंढते हैं, ऐसे में यह चोरी और भी चर्चा का विषय बन गई है।
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
चॉकलेट कीइस बड़ी चोरी ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। यूजर्स इस घटना पर मजेदार मीम्स और कमेंट्स शेयर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ऐसा तब होता है जब ट्रांजिट वाले लोग ब्रेक लेते हैं।” वहीं एक अन्य ने कहा, “हमने तरह-तरह की चोरियां देखी हैं, लेकिन यह वाली तो इंटरनेट पर छा गई है।” लोग इस घटना को लेकर खूब मजाक भी कर रहे हैं, जिससे यह मामला काफी वायरल हो गया है।


