United Arab Emirates News: खाड़ी देशों में जारी भारी तनाव के बीच यूएई की राजधानी अबू धाबी से एक बेहद दुखद खबर आई है। गुरुवार को आसमान से गिरे मिसाइल के मलबे की चपेट में आने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। जॉर्डन के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी संदेश के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने एक बैलिस्टिक मिसाइल को बीच हवा में ही नष्ट कर दिया था। इस घटना ने एक बार फिर ईरान और इजराइल-अमेरिका गठबंधन के बीच चल रहे युद्ध की विभीषिका को आम नागरिकों की दहलीज तक पहुंचा दिया है।
स्वेहान स्ट्रीट पर मचा कोहराम
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह दर्दनाक घटना अबू धाबी की मशहूर ‘स्वेहान स्ट्रीट’ पर हुई। बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही मार गिराया गया, लेकिन उसका जलता हुआ भारी मलबा सीधे सड़क पर आ गिरा। इस मलबे की चपेट में आने से भारतीय नागरिक के अलावा एक पाकिस्तानी नागरिक की भी मौत हो गई। हमले के दौरान तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय और एक जॉर्डन का नागरिक शामिल है। अबू धाबी मीडिया ऑफिस ने पुष्टि की है कि उनकी टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं।
जॉर्डन ने की हमले की निंदा, ईरान पर आरोप
जॉर्डन ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने सीधे तौर पर ईरान को इस हमले का जिम्मेदार ठहराया है। गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी मौजूदा युद्ध के बाद से यूएई के कई हिस्सों को ईरानी ड्रोन और मिसाइलों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। विशेष रूप से ऊर्जा बुनियादी ढांचे और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को निशाना बनाने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
यूएई में अब तक 11 लोगों की जा चुकी है जान
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से यूएई में अब तक कुल 11 मौतों की सूचना मिली है। इसमें हाल ही में हुई दो मौतें भी शामिल हैं। इससे पहले दर्ज की गई नौ मौतों में यूएई सशस्त्र बलों के तीन जवान और पाकिस्तानी, नेपाली, बांग्लादेशी और फिलिस्तीनी नागरिकता वाले छह लोग शामिल थे। यूएई का रक्षा मंत्रालय इन हमलों को नाकाम करने के लिए अपनी हवाई सुरक्षा प्रणालियों को लगातार अपडेट कर रहा है, लेकिन गिरता हुआ मलबा आम लोगों के लिए नई चुनौती बन गया है।
ग्लोबल संकट की चपेट में निर्दोष नागरिक
ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच जारी इस वर्चस्व की जंग में निर्दोष विदेशी कामगार अपनी जान गंवा रहे हैं। भारत और पाकिस्तान जैसे देशों के नागरिकों की मौत ने दुनिया भर में चिंता पैदा कर दी है। यूएई प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है और नागरिकों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। युद्ध की यह तपिश अब न केवल देशों की सीमाओं, बल्कि उन निर्दोष परिवारों तक पहुंच गई है जो रोजी-रोटी की तलाश में खाड़ी देशों में बसे हुए हैं।


