California News: अमेरिकी वायु सेना का सबसे शक्तिशाली B-52 बमवर्षक विमान दक्षिणी कैलिफोर्निया में क्रैश हो गया है। एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस भयानक विमान दुर्घटना में सवार सभी 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।
एयर बेस प्रशासन के अनुसार यह हादसा सोमवार सुबह स्थानीय समयानुसार 11 बजकर 20 मिनट पर हुआ। विमान उस समय एक रूटीन मिशन पर था। क्रैश के तुरंत बाद आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार देखा गया। इस भयानक मंजर को कई मील दूर से साफ देखा जा सकता था।
रनवे पर अनियंत्रित होकर आग का गोला बना विमान
एडवर्ड्स एयर बेस के कर्नल जेम्स हेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आज बेस पर एक बेहद दुखद घटना घटी है। हमने अपने आठ बेहतरीन अमेरिकियों को खो दिया है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि क्रू मेंबर्स के बचने की कोई उम्मीद नहीं थी।
कर्नल हेस ने बताया कि विमान में मिलिट्री पर्सनल्स के अलावा सरकारी ऑफिशियल और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले स्टाफ भी शामिल थे। टेक ऑफ करने के तुरंत बाद विमान ने अपना कंट्रोल खो दिया और वह सीधे रनवे क्षेत्र में गिरकर आग का गोला बन गया।
हादसे के बाद बेस पर फ्लाइट ऑपरेशन्स रोके गए
इस दुर्घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए एयर बेस पर कई ऑपरेशन्स को अस्थायी तौर पर सस्पेंड कर दिया गया है। इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कर्नल के मुताबिक यह विमान रडार आधुनिकीकरण प्रोग्राम के टेस्ट मिशन में मदद कर रहा था।
वायु सेना ने मामले की हाई-लेवल जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल क्रैश की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। टेक्निकल फॉल्ट और पायलट एरर सहित सभी एंगल से जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार पूरी फाइनल रिपोर्ट आने में छह महीने का समय लग सकता है।
परमाणु हमले में सक्षम है अमेरिकी वायु सेना का बाहुबली
अमेरिकी सेना के बेड़े में B-52 बॉम्बर को सबसे पुराना और घातक एयरक्राफ्ट माना जाता है। इसे पहली बार साल 1955 में सर्विस में शामिल किया गया था। यह हैवी बॉम्बर विमान लगभग 70 हजार पाउंड वजन के पारंपरिक हथियार और बम ले जाने की ताकत रखता है।
अमेरिकी एयरफोर्स वर्तमान में इसके आधुनिक B-52H मॉडल का इस्तेमाल करती है। यह विमान न्यूक्लियर वेपन और क्रूज मिसाइल दागने में पूरी तरह सक्षम है। यही वजह है कि इसे वाशिंगटन की सामरिक और रणनीतिक सैन्य ताकत की सबसे मजबूत रीढ़ माना जाता है।
ईरान के खिलाफ युद्धक मिशनों में भी हुआ इस्तेमाल
अमेरिकी एयर फोर्स के पास वर्तमान समय में ऐसे 76 एक्टिव विमान सेवा में मौजूद हैं। ईरान के साथ हुए हालिया सैन्य तनाव के दौरान भी पेंटागन ने इसी खतरनाक विमान को बमबारी मिशन पर भेजा था। यह विमान हवा में ही फ्यूल रीफ्यूलिंग करने की क्षमता रखता है।
यह महाविनाशक विमान करीब 50 हजार फीट की ऊंचाई पर आसानी से उड़ान भर सकता है। कोल्ड वॉर के दौर में भी इसने अमेरिका के लिए सुरक्षा कवच का काम किया था। फिलहाल स्पेशल टीमें विमान के ब्लैक बॉक्स और डिजिटल डेटा को खंगालने में जुटी हैं।
Reported By: Pallavi Sharma

