Shimla News: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के मौके पर राजधानी शिमला में खेल प्रेमियों को एक बड़ा रोमांच देखने को मिलेगा। ऐतिहासिक रिज मैदान पर मंगलवार को ‘इंटरनेशनल प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप’ का आयोजन होने जा रहा है। इस भव्य खेल प्रतियोगिता में भारत और विदेशी पेशेवर बॉक्सरों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिलेंगे।
विदेशी बॉक्सरों के साथ भारतीय मुक्केबाजों का हुआ ‘फेस ऑफ’
इस बड़े मुकाबले को लेकर आयोजकों ने रिज मैदान पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर सोमवार को यहां विशेष रूप से बनाए गए बॉक्सिंग रिंग में भारत और विदेशी बॉक्सरों के बीच ‘फेस ऑफ’ भी हुआ। प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शाम पांच बजे से अलग-अलग भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले शुरू होंगे।
इस चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों का मुकाबला थाईलैंड, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका और ताजिकिस्तान के बेहतरीन पेशेवर बॉक्सरों से होगा। लाइट वेट वर्ग में भारत की विनाक्षी का सामना थाईलैंड की सासिथोर्न से होगा, जबकि मिडल वेट वर्ग में भारत के दीपक कटोच उज्बेकिस्तान के ओजदोबेक से दो-दो हाथ करते नजर आएंगे।
राजीव भवन में पूर्व मुख्यमंत्री को अर्पित किए जाएंगे श्रद्धा सुमन
इसके अलावा सुपर बैंटम वेट वर्ग में भारत की पूनम और श्रीलंका की लोगानाथन काजिन्थिनी के बीच भिड़ंत होगी। लाइट वेट वर्ग में भारत के जितेंद्र का मुकाबला श्रीलंका के मुराजुदीन से होगा। वहीं सुपर वैल्टर वेट वर्ग में भारत के अमन और ताजिकिस्तान के फैजल के बीच भी एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर पार्टी नेताओं द्वारा उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से इस विशेष कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया है।

