Los Angeles News: अमेरिका की एक फेडरल कोर्ट में भारतीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथी गोल्डी बराड़ पर बड़ा आरोप लगा है। इन दोनों पर कनाडा में सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का केस दर्ज हुआ है। लॉस एंजिलिस की अदालत में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक यह पूरी साजिश तीन साल पहले रची गई थी।
अमेरिका और कनाडा का बड़ा जॉइंट ऑपरेशन ‘हार्डबॉल’ हुआ सफल
इस मामले में अमेरिकी जांच एजेंसियों ने ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ नाम से एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय अभियान चलाया है। इस जॉइंट ऑपरेशन के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप की सुरक्षा एजेंसियों ने अब तक 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए सभी अपराधी भारत से चलने वाले तीन बड़े इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं।
अदालती दस्तावेजों में सुरक्षा कारणों से हरदीप सिंह निज्जर का नाम सीधे न लिखकर ‘एच.एस.एन.’ दर्ज किया गया है। अमेरिकी जांचकर्ताओं ने दावा किया कि इन खतरनाक गिरोहों पर हत्या, जबरन वसूली, गोलीबारी और ड्रग्स तस्करी जैसे कई संगीन आरोप हैं। इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए कई देशों की पुलिस मिलकर काम कर रही है।
तीन अलग चार्जशीट में कुल 37 लोग बनाए गए आरोपी
लॉस एंजिलिस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने साफ किया कि ये अपराधी दुनिया में कहीं भी छिप जाएं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में दाखिल तीन अलग-अलग चार्जशीट में कुल 37 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से दो मुख्य आरोपी भारत की जेलों में बंद रहकर अपना नेटवर्क चला रहे थे।
जांच एजेंसी के अनुसार 11 आरोपियों को कैलिफोर्निया, एक को इंडियाना और एक को जॉर्जिया से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा तीन आरोपियों को कनाडा और एक को स्पेन से पकड़ा गया है। सुरक्षा एजेंसियां अभी भी 10 फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं, जिनमें से सात अमेरिका में छिपे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भारत और कनाडा के बीच राजनयिक संबंधों में काफी तनाव पैदा हो गया था। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस हत्याकांड में भारत सरकार का हाथ होने का दावा किया था। भारत ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह राजनीति से प्रेरित और बेबुनियाद बताया था।

