Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में मौसम के बदले मिजाज के बीच तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने एक बार फिर दिल्लीवासियों का हाल बेहाल कर दिया है। दिल्ली में इन दिनों हीट इंडेक्स (उमस का अहसास कराने वाला तापमान) वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।
भीषण गर्मी का आलम यह है कि बिना एसी के लोगों को थोड़ी देर भी राहत नहीं मिल पा रही है। घरों में चल रहे कूलर और पंखे पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के लोगों को अभी अगले दो दिनों तक ऐसी ही जानलेवा स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
सामान्य से अधिक दर्ज हुआ राजधानी का पारा
साफ आसमान और दिनभर खिली तेज धूप के कारण सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, हवा में भारी उमस के कारण हीट इंडेक्स 43.2 डिग्री सेल्सियस तक महसूस हुआ, जिसने लोगों को झुलसा दिया।
वहीं, रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस दौरान हवा में नमी का अधिकतम स्तर 60 प्रतिशत और न्यूनतम 22 प्रतिशत तक दर्ज हुआ है।
चलेंगी तेज हवाएं, गुरुवार से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को भी आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप निकली रहेगी। दिन के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बुधवार को भी दिल्ली में गर्मी का यही दौर जारी रहेगा। इसके बाद बृहस्पतिवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम करवट लेगा। राजधानी में तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की प्रबल संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’
मौसम विभाग ने बदलते हालात को देखते हुए बुधवार और बृहस्पतिवार के लिए दिल्ली में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 25 से 30 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में दस्तक देने की पूरी संभावना है।
इस साल मानसून केरल में चार जून को पहुंचा है, जो आमतौर पर एक जून को आता है। दिल्ली में दस्तक देने के बाद मानसून तेजी से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। इसके बाद हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के इलाकों में झमाझम बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
Author: Shilla Bhatia


