UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के ऊपर बनी चक्रवाती हवाओं के कारण मंगलवार दोपहर बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इस बारिश से जहां कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई, वहीं पिछले तीन दिनों से भीषण उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार दोपहर तक तेज गर्मी का असर बना रहा। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक यानी 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा यानी 29 डिग्री सेल्सियस रहा।
17 जुलाई से नया सिस्टम कराएगा भारी बारिश
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना थोड़ी कम है। इसके बाद 17 जुलाई से एक नई मौसमी परिस्थिति के कारण राज्य में अच्छी और भारी बारिश होने के आसार हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून की सक्रियता कुछ कम हुई है। मंगलवार को महानगर में 11.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। क्षेत्र में अब तक कुल 290 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि रविवार से मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।
रात में चली 30 किमी की रफ्तार से आंधी
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद सोमवार और मंगलवार को पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दूसरी तरफ, पश्चिमी यूपी में भी दिनभर की उमस के बाद रात आठ बजे मौसम बदला और 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चली।
आंधी के बाद पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी में दिन का तापमान 37.1 और रात का तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हवा में नमी का स्तर 98 फीसदी तक पहुंच गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 168 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

