Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में सिपाही भर्ती परीक्षा देने वाराणसी जा रहे एक होनहार छात्र की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण हादसा बुधवार सुबह कोखराज क्षेत्र के परसरा गांव के समीप हाइवे पर घटित हुआ। जहाँ एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। स्थानीय राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। मगर वहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले ही उजड़ गईं परिवार की उम्मीदें
मृतक की पहचान नगर पंचायत पूरब-पश्चिमशरीरा निवासी अजय शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र अनुज शर्मा के रूप में हुई है। अनुज लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था। उसने पुलिस आरक्षी नागरिक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। उसका परीक्षा केंद्र वाराणसी में आवंटित हुआ था।
बुधवार सुबह करीब 05:30 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से परीक्षा देने निकला था। जैसे ही वह परसरा गांव के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक के पास से उसका परीक्षा प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज मिले।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस ने प्रवेश पत्र के पते के आधार पर घटना की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। अनुज दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता लखनऊ में एक प्राइवेट नौकरी करते हैं।
स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे मुख्य पोस्टमार्टम गृह भेज दिया है। पुलिस टीम दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सभी सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: Ajay Mishra


