यूपी का नया कीर्तिमान: निर्यात में रचा इतिहास, 2 लाख करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा, नोएडा टॉप पर

Lucknow News: उत्तर प्रदेश ने वैश्विक व्यापार के मंच पर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। बेहतर निर्यात के मामले में यूपी अब देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। इस ऐतिहासिक सफलता में गौतमबुद्ध नगर जिले का योगदान पहले पायदान पर रहा है।

अकेले गौतमबुद्ध नगर जिले से ही 97,702 करोड़ रुपये की वस्तुओं का निर्यात विदेशों में किया गया है। यह आंकड़ा पूरे उत्तर प्रदेश के कुल निर्यात का लगभग 49 प्रतिशत हिस्सा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी नोएडा ने निर्यात में अपना दबदबा पूरी तरह बनाए रखा था।

इन प्रमुख उत्पादों का विदेशों में बढ़ा दबदबा

गौतमबुद्ध नगर जिले से सबसे अधिक निर्यात इंडस्ट्रियल मशीनरी, रेडीमेड कपड़े, मोबाइल फोन, मोबाइल एसेसरीज, इलेक्ट्रिकल मशीनरी और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का हुआ है। इन हाई-टेक सामानों की दुनिया भर के बड़े बाजारों में पिछले कुछ समय से मांग बहुत तेजी से बढ़ी है।

वहीं, इतिहास में पहली बार यूपी से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की मूल्यवान वस्तुओं का निर्यात हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान उत्तर प्रदेश से कुल 2,01,241 करोड़ रुपये का माल यूएसए, यूके, यूएई, जर्मनी और नेपाल जैसे बड़े देशों में भेजा गया है।

पिछले साल के मुकाबले हुई बंपर बढ़ोतरी

यह कुल निर्यात पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 15,182 करोड़ रुपये अधिक दर्ज किया गया है। फियो के उप निदेशक रोहित तेजपाल ने बताया कि प्रदेश से सबसे अधिक निर्यात इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, वस्त्र एवं परिधान, हस्तशिल्प और कृषि आधारित उत्पादों का हुआ है।

फियो के अतिरिक्त महानिदेशक सुविध शाह ने बताया कि सरकार की दूरदर्शी नीतियों, निर्यात प्रोत्साहन कार्यक्रमों और लॉजिस्टिक्स अवसंरचना में सुधार से यह ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ने स्थानीय उद्योगों और ओडीओपी उत्पादों को एक बेहतरीन वैश्विक मंच दिया है।

निर्यात में राज्य के टॉप-10 जिले

उत्तर प्रदेश के शीर्ष दस जिलों ने निर्यात बढ़ाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नोएडा के बाद गाजियाबाद 18,728 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद कानपुर नगर ने 10,823 करोड़ और पीतल नगरी मुरादाबाद ने 10,639 करोड़ रुपये का निर्यात किया है।

इसके अलावा आगरा ने 8,907 करोड़, अलीगढ़ ने 8,253 करोड़, भदोही ने 6,162 करोड़, उन्नाव ने 5,569 करोड़, संभल ने 3,521 करोड़ और अमरोहा ने 2,825 करोड़ रुपये का माल विदेशों में भेजा है। इन सभी जिलों के बेहतर प्रदर्शन से राज्य की जीडीपी मजबूत हुई है।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories